लखनऊ । उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने प्रादेशिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के नवप्रोन्नत अपर निदेशक ग्रेड के चिकित्साधिकारियों की तैनाती में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शासन की ओर से 17 अक्टूबर को जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, चिकित्साधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर तैनात किया गया है। इन तैनातियों के तहत देवीपाटन, मुरादाबाद, बस्ती, अयोध्या, गोरखपुर, झांसी, चित्रकूटधाम और आजमगढ़ मंडलों सहित महानिदेशालय में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।जारी आदेश में डॉ. अनिल कुमार चौधरी को देवीपाटन मंडल, डॉ. निशी सिंह को मुरादाबाद मंडल, डॉ. नुपुर श्रीवास्तव को बस्ती मंडल, डॉ. राजेश कुमार को अयोध्या मंडल और डॉ. संदेश कुमार श्रीवास्तव को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशालय, लखनऊ में तैनाती दी गई है।इसी क्रम में डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल को गोरखपुर मंडल, डॉ. अजय कुमार तिवारी को झांसी मंडल, विवेक अवस्थी को महानिदेशालय, डॉ. तन्मय कक्कड़ को चित्रकूटधाम मंडल और डॉ. रवीन्द्र कुमार सक्सेना को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशालय में तैनात किया गया है।आदेश में डॉ. संतोष कुमार चक, डॉ. सरला चौधरी, डॉ. भवनाथ पांडेय और डॉ. योगेश चन्द्र शर्मा की तैनाती का भी उल्लेख है। इन्हें प्रयागराज मंडल, महानिदेशालय लखनऊ और आजमगढ़ मंडल समेत विभिन्न स्थानों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।शासन के इस आदेश का उद्देश्य पदोन्नत चिकित्साधिकारियों को उनके नए पदों के अनुरूप तैनात कर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रशासनिक कामकाज को व्यवस्थित करना है।