छठ महापर्व पर राना दिनेश प्रताप सिंह ने दी शुभकामनाएं, बोले- अवसर मिला तो बस्ती सदर को बनाऊंगा खूबसूरत विधानसभा
बहादुरपुर और नगर बाजार को बेहतर बनाने का रहा है प्रयास, अब विधानसभा बस्ती सदर के विकास का लिया संकल्प
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। लोक आस्था, सूर्य उपासना और सामाजिक समरसता के महापर्व छठ के पावन अवसर पर नगर पंचायत नगर बाजार के अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं विधानसभा बस्ती सदर के भावी प्रत्याशी राना दिनेश प्रताप सिंह ने क्षेत्रवासियों तथा छठ व्रत रखने वाली माताओं-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने भगवान भास्कर और छठी मैया से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए। छठी मैया सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें तथा परिवारों में प्रेम और सौहार्द बना रहे।
इस अवसर पर राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि समाजसेवा से जुड़ा व्यक्ति होने के नाते हमेशा उनका उद्देश्य समाज और क्षेत्र के लिए कुछ बेहतर करने का रहा है। चाहे विकासखंड बहादुरपुर की बात हो या नगर पंचायत नगर बाजार की, उनका प्रयास हमेशा यही रहा है कि विकास के मामले में क्षेत्र अग्रणी स्थान पर रहे। जनता की समस्याओं को समझना, उनके बीच रहना और यथासंभव समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रही है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा की इसी भावना को लेकर अब वह विधानसभा बस्ती सदर के भावी प्रत्याशी के रूप में जनता के बीच अपनी बात रख रहे हैं। उनका मानना है कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में ही विकास की गति को नई दिशा और गति मिल सकती है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण की योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें विधानसभा चुनाव में जनता की सेवा करने का अवसर दिया और क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद मिला तो वह बस्ती सदर विधानसभा को एक खूबसूरत, विकसित और आदर्श विधानसभा बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास पर खरा उतरना और विकास के नए आयाम स्थापित करना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, स्वच्छता, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
अंत में उन्होंने सभी व्रती महिलाओं को नमन करते हुए कहा कि छठ महापर्व हमें आस्था, अनुशासन, त्याग और सामाजिक एकता का संदेश देता है। भगवान सूर्यदेव की कृपा से हर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।