छठ महापर्व पर डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने दीं शुभकामनाएं, बोले- जनता का आशीर्वाद मिला तो बस्ती सदर को बनाएंगे आदर्श विधानसभा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। लोक आस्था, सूर्य उपासना और सामाजिक समरसता के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं विधानसभा बस्ती सदर (310) से भावी प्रत्याशी डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करने की कामना की। साथ ही कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था, विश्वास और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमें सामाजिक एकता, समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना का संदेश देता है।
डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा ऐसा महापर्व है, जो समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोता है। इस पर्व में व्रती महिलाओं और पुरुषों की अटूट श्रद्धा, तपस्या और समर्पण देखने को मिलता है। उन्होंने कामना की कि छठी मैया की कृपा सभी परिवारों पर बनी रहे और हर घर में सुख-समृद्धि का वास हो।
इस अवसर पर उन्होंने बस्ती सदर विधानसभा के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बस्ती सदर के सर्वांगीण विकास के लिए वह पूरी तरह वचनबद्ध हैं। क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद और विश्वास मिला तो विधानसभा बस्ती सदर को एक आदर्श विधानसभा बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की वास्तविक पहचान वहां के विकास, बेहतर शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, मजबूत आधारभूत ढांचे और आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं से होती है। बस्ती सदर में विकास की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने, जनसमस्याओं को प्राथमिकता देने और विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने की।
डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल राजनीतिक पहचान बनाना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी बनना और जनसेवा के माध्यम से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाना है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए छठ महापर्व की पुनः शुभकामनाएं दीं।