महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या स्थित श्री पंजाबी मंदिर (पंजाबी आश्रम) के संस्थापक साकेतवासी पूज्य महंत श्री रामकृष्ण दास जी महाराज की पुण्यतिथि बड़े ही श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अयोध्या के प्रमुख संत-महंतों और पंजाब से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एकत्रित होकर महाराज श्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए संत-महंतों ने साकेतवासी महंत रामकृष्ण दास जी के जीवन और उनके आदर्शों को याद किया। वक्ताओं ने बताया कि महाराज श्री का पंजाब से गहरा लगाव और आत्मीयता थी, जिसके कारण लोग उन्हें पंजाब का ही मानते थे और इसी वजह से इस स्थान का नाम ‘पंजाबी आश्रम’ पड़ा। संतों ने उनके स्वभाव की सराहना करते हुए कहा कि वे अत्यंत विनम्र, सहृदय और सरल व्यक्तित्व के धनी थे, जिनमें एक सच्चे संत के सभी गुण झलकते थे। आश्रम की वर्तमान व्यवस्थाओं को देख रहे श्री रामसुंदर दास जी के निर्देशन एवं आह्वान पर अयोध्या धाम के संत-महंत इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर पूज्य वल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास एवं राम जन्मभूमि के ट्रस्टी, महंत शशिकांत दास , महामंडलेश्वर (दंतधावन कुंड/डाढ़िया मंदिर) गिरीश दास , महंत मनीष दास, महामंडलेश्वर रामजी शरण , महंत सक्षम दास , संत दास महाराज एवं मंदिर के पुजारी सहित कई गणमान्य संत उपस्थित रहे। संतों ने बताया कि महाराज श्री के जीवन से प्रेरणा लेते हुए वर्तमान में पवन कुमार दास जी और महंत श्याम सुंदर दास जी की युगल जोड़ी पंजाब और अयोध्या स्थित दोनों आश्रमों की सेवा एवं व्यवस्थाओं का कुशलतापूर्वक संचालन कर रही है। अंत में सभी संतों ने ठाकुर जी के चरणों में प्रार्थना की कि वे आश्रम के वर्तमान महंतों और सेवकों को ऐसी शक्ति प्रदान करें, जिससे वे निरंतर वैष्णव आराधन, संत सेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में अपना योगदान देते रहें।