छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त और डीआईजी ने अमहट घाट का किया निरीक्षण

छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त और डीआईजी ने अमहट घाट का किया निरीक्षण

 

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम के दिए निर्देश, संवेदनशील स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार को अमहट घाट सहित नगर बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर की गई तैयारियों, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, आवागमन तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व पर घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। घाटों पर साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए। जल में उतरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक प्रबंध दुरुस्त रहें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

 

वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों एवं नगर क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।

 

जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित टीमें पूरी तरह अलर्ट रहें। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने को कहा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा आस्था एवं लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकांत तिवारी, राजेश यादव तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।