लिटिल फ्लावर्स स्कूल में बाल दिवस पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और खाद्य स्टालों की रही धूम

लिटिल फ्लावर्स स्कूल में बाल दिवस पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और खाद्य स्टालों की रही धूम

 

182 नन्हे-मुन्ने बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में लिया हिस्सा, विभिन्न व्यंजनों का भी उठाया लुत्फ

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम् गोपालपुर, वाल्टरगंज में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं खाद्य स्टालों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह एवं निर्देशिका अपर्णा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती, देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय श्रीमती मधुरानी सिंह के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

 

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के कुल 182 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। रंग-बिरंगे और आकर्षक परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक पहचान, महान विभूतियों एवं धार्मिक पात्रों से जुड़े परिधानों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल की सदस्य रीता यादव, स्नेहलता पाठक एवं सोमना श्रीवास्तव ने किया।

 

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के बाद विद्यालय परिसर में लगाए गए खाद्य स्टाल आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों के लिए भेलपुरी, फुल्की, दही-बड़ा, चाट, पकौड़ी, टिकिया, बड़ा पाव, डोसा, इडली सहित विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाल लगाए। खाद्य सामग्री की स्वच्छता, शुद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया।

 

इस अवसर पर प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन प्रसंगों को याद करते हुए बच्चों के प्रति उनके स्नेह और प्रेम पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाल दिवस बच्चों के प्रति प्रेम, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को दोहराने का अवसर है।

 

निदेशक राहुल सिंह ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे ही देश और विश्व का भविष्य हैं। उनके बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

निर्देशिका अपर्णा सिंह ने कहा कि फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता बच्चों के सपनों, कल्पनाओं और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है, जबकि खाद्य स्टालों का आयोजन उनके स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की भावना को दर्शाता है।

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रधानाचार्या वंदना सिंह ने सभी प्रतिभागी बच्चों, निर्णायक मंडल, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।