नया घाट स्थित कतलिया बाबा आश्रम में अन्नकूट पर लगा ५६ भोग, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। नया घाट स्थित पौराणिक स्थल कतलिया बाबा आश्रम में अन्नकूट पर्व के शुभ अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम एवं छप्पन भोग का आयोजन किया गया। आश्रम के महंत बाल योगी रामदास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकर विश्व कल्याण की प्रार्थना की गई।अन्नकूट महोत्सव के दौरान आश्रम परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं और गणमान्य व्यक्तियों का तांता लगा रहा। इस दौरान पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे उर्फ पवन पांडे, विशिष्ट अतिथि श्री चंद यादव तथा महंत दिलीप दास जी महाराज ने आश्रम पहुंचकर भगवान के दर्शन-पूजन किए और महंत बाल योगी रामदास जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत बाल योगी रामदास जी ने अन्नकूट पर्व के आध्यात्मिक एवं पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अन्नकूट का त्योहार प्रकृति और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सुअवसर है।इस अवसर पर पूर्व मंत्री पवन पांडे ने कहा कि अयोध्या की संत परंपरा और आश्रमों के ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखते हैं। दर्शन-पूजन के उपरांत उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों में छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों व बड़ी संख्या में संतों-महंतों की उपस्थिति रही।