खून की एक-एक बूंद से जिंदगी बचाने का संकल्प, डिप्लोमा इंजीनियर्स ने किया महादान
स्व. आर.के. दत्त की पुण्यतिथि और विश्वेश्वरैया जयंती पर गूंजा सेवा का संदेश
अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल की अगुवाई में वृहद रक्तदान, ‘आज तक’ के रिपोर्टर आलमगीर खान ने भी किया रक्तदान
जितेन्द्र पाठक
संत कबीर नगर। संघर्ष, शौर्य और त्याग की भावना को मानव सेवा से जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ, जनपद संत कबीर नगर की ओर से मंगलवार को निरीक्षण भवन में वृहद रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के जनपद अध्यक्ष ई. प्रवीण कुमार अग्रवाल ने की। आयोजन स्व. आर.के. दत्त की पुण्यतिथि एवं भारत रत्न अभियंता मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर किया गया।
कार्यक्रम में डिप्लोमा इंजीनियर्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया। इस दौरान ‘आज तक’ के रिपोर्टर आलमगीर खान ने भी रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की। उन्होंने रक्तदान को जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व बताया।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है।
महासंघ के जनपद अध्यक्ष ई. प्रवीण कुमार अग्रवाल ने कहा कि इंजीनियर समाज के विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी आगे रहा है। रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों के जरिए मानवता की सेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाना महासंघ का उद्देश्य है।
जनपद सचिव ई. विनीत पाण्डेय सहित महासंघ के पदाधिकारी, डिप्लोमा इंजीनियर्स एवं अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्व. आर.के. दत्त के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा भारत रत्न अभियंता मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।