सिलाई मशीन, साड़ी और पहचान पत्र पाकर महिलाओं के चेहरे पर खिला आत्मविश्वास
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। महिला स्वावलंबन, आस्था और रोजगार को एक साथ जोड़ने वाली अनूठी पहल के तहत जनपद बस्ती में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन, साड़ी एवं पहचान पत्र का वितरण किया गया। पहल संस्था द्वारा आयोजित इस अभियान के माध्यम से करीब 200 महिलाओं को अलग-अलग स्थानों पर सिलाई मशीन सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई।
पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य जिले में बड़े स्तर पर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसी उद्देश्य के तहत महिलाओं को सिलाई मशीन, साड़ी और पहचान पत्र वितरित किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने हुनर के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर सकें।
समाजसेवी शतीस तिवारी ने कहा कि महिलाओं का सशक्त और आत्मनिर्भर होना समाज की मजबूती का आधार है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से सक्षम और आत्मविश्वासी बनेंगी, तभी परिवार, समाज और बस्ती का समग्र विकास संभव होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान, स्वाभिमान और रोजगार से जोड़ने का यह छोटा लेकिन महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसे भविष्य में और व्यापक रूप दिया जाएगा।
अश्विन कुमार मिश्र ने कहा कि संस्था का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ही समाज की उन्नति में भी भागीदारी निभा सकें।
सिलाई मशीन का वितरण आवास विकास, जयपुरवा, तुरकहिया, परसाजाफर, मड़वानगर, पाण्डेय बाजार, जखनी, पतेलवा, शिवा कॉलोनी और महरीखावा सहित विभिन्न स्थानों पर किया गया। सामग्री प्राप्त करने वाली महिलाओं ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम बताया।
महेन्द्र कुमार पाण्डेय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को रोजगार से जोड़ने वाली ऐसी योजनाएं महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और सामाजिक उत्थान की दिशा में प्रेरणादायक साबित होंगी।
कार्यक्रम में आकाश सोनी, नन्द किशोर दूबे, राजू पांडेय, राकेश शौर्य, विमल पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।