बस्ती के नगर बाजार में CRO कीर्ति प्रकाश भारती ने जाना विकास कार्यों और स्वच्छता का हाल, दिए कड़े निर्देश

बस्ती के नगर बाजार में CRO कीर्ति प्रकाश भारती ने जाना विकास कार्यों और स्वच्छता का हाल, दिए कड़े निर्देश

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। नगर पंचायत नगर बाजार में नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और विकास परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरुवार प्रातः 6:00 बजे मुख्य राजस्व अधिकारी/प्रभारी अधिकारी (नगरीय निकाय) कीर्ति प्रकाश भारती ने उप जिलाधिकारी राजेश कुमार यादव के साथ औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण की शुरुआत वार्ड संख्या 2 (संत रविदास नगर) से हुई, जहाँ अधिकारियों ने सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की चालू स्थिति, रैन बसेरा और मंदिर मार्ग की सफाई का जायजा लिया। इस दौरान डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और कचरा पृथक्कीकरण की जांच की गई तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया गया।

इसके बाद अधिकारियों ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत संचालित एम.आर.एफ. सेंटर (MRF Center) का गहन निरीक्षण कर कचरा निस्तारण प्रणाली की समीक्षा की। वार्ड संख्या 9 और प्रमुख बाजार क्षेत्र में नालों की तली झाड़ सफाई, नियमित झाड़ू लगाने तथा सार्वजनिक वॉटर कूलरों से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता का भी भौतिक सत्यापन किया गया।

संभावित जलभराव वाले स्थलों के चिंन्हीकरण के साथ निर्माणाधीन नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रयुक्त सामग्री की जांच की गई। अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदार व तकनीकी अधिकारियों को हिदायत दी कि गुणवत्ता में बिना किसी समझौते के कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।

निरीक्षण के अंत में मुख्य राजस्व अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रातःकालीन सफाई और नियमित कूड़ा कलेक्शन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर नगर पंचायत नगर बाजार की अधिशाषी अधिकारी सृष्टि सिंह और स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के मंडल कार्यक्रम प्रबंधक अमरेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।