हरीश द्विवेदी का राष्ट्रीय महामंत्री बनना संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और कार्यक्षमता का प्रमाण : दिग्विजय नारायण ‘जय चौबे’……..
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने के बाद जनपद बस्ती में प्रथम आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके बस्ती पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किए जाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व मिलने के बाद पहली बार बस्ती आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि हरीश द्विवेदी को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना न केवल उनके राजनीतिक कार्यों और संगठन के प्रति समर्पण का सम्मान है, बल्कि यह बस्ती और पूरे पूर्वांचल के लिए भी गौरव का विषय है।
इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र 313 खलीलाबाद–संत कबीर नगर के दिग्विजय नारायण ‘जय चौबे’ ने हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके बस्ती आगमन पर भव्य स्वागत और अभिनंदन की बात कही।
जय चौबे ने कहा कि हरीश द्विवेदी ने लंबे समय से संगठन और जनता के बीच सक्रिय रहकर अपनी अलग पहचान बनाई है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व मिलना उनके संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और कार्यक्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर बस्ती के पूर्व सांसद को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि हरीश द्विवेदी के बस्ती आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत को यादगार बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हैं। उनके स्वागत में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है।