बस्ती के क्रिकेट में ऐतिहासिक उपलब्धि, यूपीसीए अंडर-14 ट्रायल में सेंट जेवियर्स के सात खिलाड़ियों का चयन
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। जनपद के क्रिकेट जगत के लिए बड़ी और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। मंडल क्रिकेट एसोसिएशन, गोरखपुर से संबद्ध उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) द्वारा आयोजित अंडर-14 ट्रायल में सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी, बस्ती के सात होनहार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। एक साथ सात खिलाड़ियों के चयन को जिले के क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मंडल क्रिकेट एसोसिएशन, गोरखपुर के अध्यक्ष शफीक सिद्दीकी के अनुसार चयनित खिलाड़ियों में शाश्वत पांडेय एवं कृष्णा गुप्ता (बैट्समैन), आयुष तिवारी, अथर्व ओझा, शौर्य पांडेय एवं युवराज पाठक (मीडियम फास्ट बॉलर) तथा यश गुप्ता (लेफ्ट आर्म स्पिनर) शामिल हैं।
चयनित सभी खिलाड़ी गोरखपुर के सेंट एंड्रयूज क्रिकेट ग्राउंड और रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित होने वाली इंटर-डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जोनल टीम में स्थान मिलेगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ी इंटर-जोन प्रतियोगिता में अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।
सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी के निदेशक एवं बीसीसीआई लेवल-1 कोच अनिकेत उपाध्याय ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सात खिलाड़ियों का एक साथ इस स्तर पर चयन होना वर्षों की मेहनत, अनुशासन और आधुनिक प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बस्ती का क्रिकेट अब शौकिया स्तर से आगे बढ़कर पेशेवर दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और उचित मंच उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। अनिकेत उपाध्याय ने खिलाड़ियों को अवसर एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए मंडल क्रिकेट एसोसिएशन, गोरखपुर के अध्यक्ष एवं पूरी कार्यकारिणी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सात खिलाड़ियों के चयन से सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी में उत्साह का माहौल है और खेल प्रेमियों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।