साइबर फ्रॉड के मामले में राजस्थान का अभियुक्त गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड व बैंक दस्तावेज बरामद
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर साइबर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना बस्ती पुलिस ने साइबर फ्रॉड से जुड़े एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से विभिन्न बैंक दस्तावेज, तीन आधार कार्ड, चेक, मोबाइल फोन, फर्म की मुहर और नकदी बरामद की है।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह पुलिस टीम के साथ 20 अगस्त 2026 को चेतक तिराहा बस्ती पर साइबर अपराध की रोकथाम को लेकर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महसो रोड स्थित आशा होटल के आसपास एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है, जो बोलचाल से दूसरे प्रांत का प्रतीत होता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मिश्रौलिया स्टेट के पास मुख्य मार्ग पर पहुंची। पुलिस को देखकर पीछे हटने वाले संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम जाहिद खान उर्फ मुनमुन पुत्र फजरुद्दीन निवासी ककराली मेव, थाना सदर बाजार, जनपद अलवर, राजस्थान बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से थाना साइबर क्राइम बस्ती में पंजीकृत मुकदमा संख्या 48/2025 की एफआईआर की प्रति, इन्डसेण्ड बैंक की पासबुक, एक चेक, अलग-अलग व्यक्तियों के तीन आधार कार्ड, लावा 5जी मोबाइल फोन, एक फर्म की मुहर तथा 1,200 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल में दो मोबाइल नंबर और दो आईएमईआई नंबर पाए गए। बरामद दस्तावेजों और अन्य सामान के आधार पर पंजीकृत मुकदमे में धारा 336(3), 338 व 340(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में सामने आई साइबर फ्रॉड की कार्यप्रणाली
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह राजस्थान निवासी रिजवान तथा हरियाणा निवासी निर्मला देवी सहित अन्य लोगों के बैंक खातों को खुलवाकर उनमें साइबर फ्रॉड की रकम मंगाता था। इन खातों की नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग को फर्जी मोबाइल नंबरों के माध्यम से संचालित करने की बात भी अभियुक्त ने स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त ने बताया कि वह बस्ती में फर्म के नाम पर बैंक खाता खुलवाने और भेजी गई नोटिस के संबंध में सेटलमेंट के लिए आया था। उसके कब्जे से बरामद आधार कार्डों के संबंध में उसने इनके फर्जी होने तथा साइबर फ्रॉड में समय-समय पर इस्तेमाल करने की जानकारी दी।
बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक एफआईआर की प्रति, इन्डसेण्ड बैंक की पासबुक व खाता संबंधी दस्तावेज, एक चेक, राजस्थान के पते वाले तीन आधार कार्ड, लावा 5जी एंड्रॉयड मोबाइल फोन, ‘भाव्या इलेक्ट्रॉनिक प्रोपराइटर’ की मुहर तथा 1,200 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक भगवान सिंह, हेड कांस्टेबल ऋषिवेद तिवारी, अंगद मौर्या तथा कांस्टेबल अमित कुमार झा, थाना साइबर क्राइम जनपद बस्ती शामिल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय भेज दिया।