रोहित पटेल बोले—जनसेवा ही हमारी पहचान, आशीष पटेल के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
रक्तदान, वृक्षारोपण और वृद्धाश्रम में सेवा कार्य कर अपना दल (एस) कार्यकर्ताओं ने दिया मानवता का संदेश
मंत्री आशीष पटेल के जन्मदिन पर सेवा का संकल्प, रक्तदान शिविर में युवाओं ने दिखाई भागीदारी
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के जन्मदिन पर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा और समर्पण के साथ विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान रक्तदान, वृक्षारोपण और वृद्धाश्रम में सेवा कार्य कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
रक्तदान शिविर में युवाओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जरूरतमंदों की मदद के लिए रक्तदान किया। वहीं, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यकर्ताओं ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को जलपान कराया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान समाज के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और सेवा का भाव भी दिखाई दिया।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रोहित पटेल ने कहा कि आशीष पटेल जन-जन के नेता हैं और उन्होंने हमेशा गरीबों, वंचितों, शोषितों और आम लोगों की सेवा को प्राथमिकता दी है। उनके आदर्शों से प्रेरित होकर कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनसेवा का संकल्प निभा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला सचिव राम जनक चौधरी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामू चौधरी, गिरजेश चौधरी, राजेश चौधरी, युवा नेता कृष्णा चौधरी, आशुतोष कुमार, आलोक चौधरी, अनीश सिंह और अंकित चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने मंत्री आशीष पटेल के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी राजनीतिक जीवन की कामना की।