महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। रामनगरी अयोध्या धाम स्थित श्री हनुमान टेकरी आश्रम में चल रही आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान क्षेत्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। कथा के छठे दिन भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी विवाह का मनमोहक प्रसंग सुनाया गया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रोतागण भाव-विभोर हो उठे और पूरा पंडाल ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा। यह पावन धार्मिक आयोजन श्री श्री 1008 पागल दास महाराज (लहार, भिंड, म.प्र.) के आशीर्वाद तथा श्री श्री 1008 स्वामी महंत प्रिया शरण महाराज (हनुमान टेकरी आश्रम) के पावन सानिध्य में संपन्न हो रहा है।
ओजस्वी वाणी से हुआ सजीव वर्णन कथा व्यास पीठ पर विराजमान सुप्रसिद्ध कथा व्यास आचार्य रवि शास्त्री महाराज ने अपनी मधुर वाणी से रुक्मणी विवाह और उनके पावन चरित्र का अत्यंत सजीव वर्णन किया। कथा का रसपान कराते हुए आचार्य रवि शास्त्री ने बताया कि किस प्रकार विदर्भ की राजकुमारी रुक्मणी ने भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य गुणों पर मुग्ध होकर उन्हें पत्र लिखकर अपनी रक्षा की प्रार्थना की थी। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण द्वारा रुक्मणी का हरण कर उनके साथ विधि-विधान से विवाह करने के इस प्रसंग को सुनकर श्रोता आनंदित और भावुक हो उठे।
भक्तों ने लिया महाप्रसाद का लाभ इस धार्मिक अनुष्ठान में लहार क्षेत्र (भिंड, म.प्र.) सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कथा श्रवण के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस भव्य आयोजन से अयोध्या धाम और आसपास के क्षेत्र में आध्यात्मिक उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण बना हुआ है।