संतों में आपसी एकता की जरूरत पर दिया जोर, कहा- पूंजीपति मंदिरों को मिल रहा लाभ
गृहस्थ आश्रम व छोटे वर्ग के महंतों के मंदिरों पर भी ध्यान देने की प्रशासन से की मांग
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम । रामनगरी अयोध्या में चल रहे मंदिरों के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्यों को लेकर संतों में असंतोष के स्वर भी सुनाई देने लगे हैं। अयोध्या धाम स्थित मंदिर साकेत भवन (स्व. बाबा हरीदास जी का स्थान, तस्य शिष्य स्व. महंत रघुवंशी दास जी) के वर्तमान महंत दिनेश दास ने जर्जर और छोटे मंदिरों के जीर्णोद्धार में अनदेखी का आरोप लगाते हुए प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान महंत दिनेश दास ने कहा कि वर्तमान समय में अयोध्या में किसी सुरक्षा गार्ड या अन्य दिखावे से ज्यादा संतों व समाज में आपसी एकता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में कई मंदिरों का निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य तेजी से हो रहा है, लेकिन इस प्रक्रिया में वास्तविक जरूरतमंद मंदिरों की उपेक्षा की जा रही है। महंत दिनेश दास ने आरोप लगाया कि जिन मंदिरों को वास्तव में जीर्णोद्धार की सख्त आवश्यकता है, उनकी सूची अभी तक जारी नहीं की गई है। इसके विपरीत, जो मंदिर पहले से संपन्न और पूंजीपति वर्ग से जुड़े हैं, उनकी सूची न केवल तत्काल जारी हो गई, बल्कि उनके खातों में धनराशि भी पहुंच गई और उनका जीर्णोद्धार कार्य भी पूरा हो गया। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि अयोध्या के जो मंदिर हकीकत में जर्जर स्थिति में हैं, विशेषकर छोटे वर्ग के महंतों और गृहस्थ आश्रम से जुड़े मंदिरों की सुध ली जाए और उनके जीर्णोद्धार के लिए भी उचित व्यवस्था की जाए।