कटान प्रभावित तटबंध का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा कार्यों में तेजी के निर्देश

कटान प्रभावित तटबंध का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा कार्यों में तेजी के निर्देश

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। विक्रमजोत-धुसवा तटबंध के किमी 9.510 से 9.900 के मध्य हो रहे कटान को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर तटबंध की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से कटान की स्थिति तथा तटबंध की सुरक्षा के लिए किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तटबंध की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। कटान प्रभावित स्थानों पर लगातार निगरानी रखते हुए जलस्तर और नदी की धारा में होने वाले बदलाव पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे तटबंध को क्षति से बचाया जा सके।

अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड ने जिलाधिकारी को बताया कि कटान प्रभावित क्षेत्र में लगातार प्रोटेक्शन वर्क कराया जा रहा है। विभागीय टीम द्वारा मौके पर आवश्यक संसाधन और निर्माण सामग्री उपलब्ध रखी गई है तथा तटबंध की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों के चलते वर्तमान में तटबंध सुरक्षित स्थिति में है।

जिलाधिकारी ने प्रोटेक्शन वर्क में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही मौके पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तत्परता से कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और बाढ़ खंड की टीम तटबंध की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। कटान की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षात्मक कार्यों को और तेज किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करते हुए तटबंध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी, अधिशासी अभियंता बाढ़ दिनेश कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।