राना दिनेश प्रताप सिंह बने यूपी मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की प्रांतीय कार्यकारिणी का निर्वाचन रविवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में संपन्न हुआ। निर्वाचन में बस्ती के राना दिनेश प्रताप सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया। उनके निर्वाचन से खेल जगत में खुशी की लहर है।
राना दिनेश प्रताप सिंह लंबे समय से उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व भी निभा रहे हैं। उनके खेल प्रशासन एवं खिलाड़ियों के हित में किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए उन्हें मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
निर्वाचन में पूर्व सैन्य अधिकारी एवं अंतर्राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता लखनऊ के डॉ. बाबादीन चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष तथा एशिया गोल्ड मेडलिस्ट एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी आजमगढ़ के राजेश कुमार सिंह को प्रांतीय महामंत्री चुना गया। वहीं फिरोजाबाद के सुरेंद्र सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और सुल्तानपुर के राम लखन यादव को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली।
निर्वाचन प्रक्रिया केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं भारतीय मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंजाब के श्री काबुल सिंह औलाख, राजस्थान की श्रीमती लक्ष्मी स्वामी तथा गुजरात के वी.एन. पाठक की देखरेख में संपन्न हुई। मुख्य चुनाव अधिकारी श्री विनय कुमार श्रीवास्तव ने निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर बधाई दी।
अपने निर्विरोध निर्वाचन पर राना दिनेश प्रताप सिंह ने प्रदेश के सभी जिलों के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि महर्षि वशिष्ठ की तपोभूमि बस्ती का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मास्टर एथलीट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। मास्टर्स खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिताओं में भाग लेने की सुविधाएं और सम्मान बढ़ाने के साथ-साथ स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानजनक पुरस्कार दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा बुजुर्ग मास्टर्स खिलाड़ियों को पेंशन राशि उपलब्ध कराने के लिए सरकार से प्रभावी संवाद किया जाएगा।
राना दिनेश प्रताप सिंह के प्रदेश उपाध्यक्ष चुने जाने पर जिले के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।