पत्र-पत्रिकाएं स्वस्थ समाज के निर्माण में निभाती हैं महत्वपूर्ण भूमिका : कविन्द्र चौधरी

पत्र-पत्रिकाएं स्वस्थ समाज के निर्माण में निभाती हैं महत्वपूर्ण भूमिका : कविन्द्र चौधरी

बस्ती। शनिवार को प्रेस क्लब सभागार में अशोक मार्ग पत्रिका का भव्य लोकार्पण मुख्य अतिथि विधायक कविन्द्र चौधरी अतुल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में पत्र-पत्रिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

विधायक कविन्द्र चौधरी अतुल ने कहा कि पत्रकारिता केवल लोगों को घटनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इतिहास को दर्ज करने, तथ्यों को एकत्रित करने, विभिन्न दृष्टिकोणों को सामने लाने और सामाजिक परिवर्तन को प्रभावित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अशोक मार्ग पत्रिका जनभावनाओं और जनसरोकारों पर खरा उतरते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगी।

मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने कहा कि ऐसी पत्रकारिता, जो कठोर नैतिक मूल्यों पर आधारित हो और कल्पना के बजाय तथ्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहे, समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि सनसनीखेज खबरों के बजाय सार्थक एवं तथ्यपरक समाचारों को प्राथमिकता देना पत्रकारिता की विश्वसनीयता को मजबूत करता है।

पत्रिका के संरक्षक डा. वी.के. वर्मा ने अतिथियों एवं सहयोगियों का स्वागत करते हुए कहा कि अशोक मार्ग पत्रिका जनभावनाओं को प्रमुखता देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज को सामने लाने का प्रयास करेगी। संपादक रघुनाथ पटेल ने कहा कि पत्रिका का मुख्य उद्देश्य जनसरोकारों को स्वर देना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि डा. रामकृष्ण लाल ‘जगमग’ ने किया। उन्होंने पत्रकारिता की उपयोगिता और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

लोकार्पण समारोह में भारतीय बस्ती के संपादक प्रदीप चन्द्र पाण्डेय, मस्तराम वर्मा, गंगा प्रसाद कन्नौजिया, सिद्धनाथ प्रजापति, जय श्रीलाल, हेमन्त राव, प्रमोद कुमार यादव, परशुराम पटेल, नन्द किशोर वर्मा, हितेन्द्र कुमार वर्मा, फूलचन्द सिंह, चन्द्रभान पटेल सहित अन्य वक्ताओं ने पत्र-पत्रिकाओं के बदलते स्वरूप और उनकी सामाजिक भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर डा. श्यामनरायन चौधरी, हरिओम चौधरी, दीपक सिंह प्रेमी, राहुल चौहान, दीनानाथ चौधरी, सामईन फारूकी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।