कंप्यूटर प्रशिक्षण के समापन अवसर पर वाइब्रेंट ग्राम रामपुरवा में आयोजित हुआ मानव चिकित्सा शिविर
70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की अनूठी पहल
बहराइच 30 जुलाई। सीमावर्ती क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास, जन-स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, लखीमपुर खीरी के तत्वावधान में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत दो प्रमुख जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन एक साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जीवंत गाँव (वाइब्रेंट ग्राम) रामपुरवा (एफ समवाय) में हरिशंकर शिक्षण सेवा संस्थान के सहयोग से 15 से 30 जुलाई तक आयोजित 15 दिवसीय निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर उसी प्रांगण में गाँव के समस्त निवासियों हेतु एक विशाल मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया। दोनों कार्यक्रमों का शुभारम्भ एवं कुशल संचालन 70वीं वाहिनी के कमांडेंट राजन कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर डॉ. दिनेश कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी (चिकित्सा) एवं रौनक सिंह, सहायक कमांडेंट (एफ समवाय) रामपुरवा-76 विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संचालित किये गये 15 दिवसीय निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के दौरान रामपुरवा गाँव के मेधावी छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर के मूल सिद्धांतों, माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस तथा व्यावहारिक इंटरनेट संचालन का गहन अभ्यास कराया गया। मुख्य अतिथि कमांडेंट राजन कुमार श्रीवास्तव द्वारा डॉ. दिनेश कुमार तथा सहायक कमांडेंट रौनक सिंह के साथ सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी युवा छात्र-छात्राओं को आधिकारिक प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित करते हुए प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर आयोजित मानव चिकित्सा शिविर में डॉ. दिनेश कुमार एवं उनकी समर्पित मेडिकल टीम द्वारा 75 ग्रामवासियों का सफलतापूर्वक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों का परीक्षण करने के उपरांत उन्हें वाहिनी की ओर से निःशुल्क आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं तथा मौसमी बीमारियों से बचाव व स्वच्छता हेतु महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कमांडेंट राजन कुमार श्रीवास्तव ने कहाकि सशस्त्र सीमा बल सीमा सुरक्षा के अपने प्राथमिक दायित्व के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों के स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगारपरक विकास के लिए सदैव तत्पर है। युवाओं को डिजिटल रूप से साक्षर बनाना और ग्रामीणों को उनके घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना बल की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर जीवंत गाँव रामपुरवा के ग्राम प्रधान, स्थानीय अन्य ग्रामवासी, सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सशस्त्र सीमा बल की इस दोहरी जनकल्याणकारी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और बल के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः