श्रावण मास 2026 के दौरान जनपद बहराइच में प्रभावी रहेगी डायवर्जन व्यवस्था 

श्रावण मास 2026 के दौरान जनपद बहराइच में प्रभावी रहेगी डायवर्जन व्यवस्था

बहराइच 30 जुलाई। श्रावण मास 2026 के दौरान जनपद बहराइच तथा निकटवर्ती जनपदों की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाये रखने के उद्देश्य से 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक जनपद बहराइच में डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी। डायवर्जन व्यवस्था जनपद बहराइच में भारी वाहन व मालवाहक वाहन (ट्रक, डम्फर, डीसीएम, ट्रैक्टर इत्यादि) पर लागू रहेगी।

श्रावण मास के जनपद गोण्डा, बलरामपुर तथा श्रावस्ती से आने वाले भारी एवं मालवाहक वाहनों को बाराबंकी न जाने देते हुए ऐसे वाहनों को टिकोरा मोड़ तिराहा से डायवर्ट कराकर रेउसा, सीतापुर होकर बाराबंकी, लखनऊ को भेजा जायेगा। इसी प्रकार जनपद गोण्डा/कर्नलगंज से आने वाले भारी एवं मालवाहक वाहन जो बाराबंकी से लखनऊ जाना चाहते हैं, उनको कर्नलगंज से हुजूरपुर तिराहा (थाना हुजूरपुर) से बहराइच होते हुए टिकोरा मोड़ से डायवर्ट कर सीतापुर रोड होते हुए जनपद बाराबंकी व लखनऊ को भेजा जायेगा। टिकोरा मोड़ से कोई भी भारी एवं मालवाहक वाहन कैसरगंज होते हुए बाराबंकी नहीं जायेगा।

जनपद लखीमपुर खीरी, नानपारा के तरफ से आने वाले भारी एवं मालवाहक वाहन जो गोण्डा एवं अयोध्या जाना चाहते है। ऐसे वाहनों को दोनक्का तिराहा से डायवर्ट कराकर श्रावस्ती-बलरामपुर होते हुये अपने गतंव्य को भेजा जायेगा। जनपद गोण्डा के कर्नलगंज की तरफ से आने वाले भारी एवं मालवाहक वाहन जो जरवल के तरफ जाते है। ऐसे वाहनों को जरवल तिराहा से डायवर्ट कर टिकोरा मोड़ से सीतापुर रोड होते हुये जनपद बाराबंकी व लखनऊ की तरफ भेजा जायेगा। जनपद बहराइच के कैसरगंज/हुजुरपुर मार्ग की तरफ से गोण्डा व अयोध्या की तरफ जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को पयागपुर चौराहा से सीधे मोहनीपुर थाना इकौना श्रावस्ती होकर बलरामपुर मार्ग पर भेजा जायेगा।

जनपद में लागू की गई डायवर्जन व्यवस्था अन्तर्गत तिथि एवं अवधि के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद बहराइच से गोण्डा से जनपद बाराबंकी को जाने वाले समस्त भारी वाहनों/मालवाहक वाहनों को श्रावण मास के प्रत्येक रविवार प्रातः 08.00 बजे से सोमवार को 23.00 बजे तक डायवर्ट किया जायेगा। जनपद अयोध्या में श्रावण मास के प्रथम सोमवार के दृष्टिगत 02 अगस्त 2026 को प्रातः 08.00 बजे से 03 अगस्त 2026 को रात्रि 23.00 बजे तक अथवा भीड समाप्ति तक भारी वाहनों/मालवाहक वाहनों को डायवर्ट किया जायेगा। जनपद अयोध्या में श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के दृष्टिगत 08 अगस्त 2026 को प्रातः 08.00 बजे से 12 अगस्त 2026 को प्रातः 08.00 बजे तक अथवा भीड़ समाप्ति तक भारी वाहनों/मालवाहक वाहनों को डायवर्ट किया जायेगा।

इसी प्रकार जनपद अयोध्या में श्रावण मास के तृतीय सोमवार (श्रवण झूला मेला प्रारम्भ) के दृष्टिगत 14 अगस्त .2026 को प्रातः 08.00 बजे से 17 अगस्त 2026 को रात्रि 23.00 बजे तक अथवा भीड समाप्ति तक भारी वाहनों/मालवाहक वाहनों का डायवर्ट किया जायेगा। जनपद अयोध्या में श्रावण मास के चतुर्थ व अन्तिम सोमवार के दृष्टिगत यातायात डायवर्जन 23 अगस्त .2026 को प्रातः 08.00 बजे से 24 अगस्त 2026 को रात्रि 23.00 बजे तक अथवा भीड समाप्ति तक डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी तथा जनपद अयोध्या में श्रावण मास के श्रावण पूर्णिमा स्नान एवं मेला समापन के दौरान 27 अगस्त 2026 को प्रातः 08.00 बजे से 28 अगस्त 2026 को रात्रि 23.00 बजे तक अथवा भीड समाप्ति तक भारी वाहनों/मालवाहक वाहनों को डायवर्ट किया जायेगा। आवश्यक सेवा के वाहनों व इमरजेन्सी वाहनों को यातायात डायवर्जन के दौरान आवागमन में छूट दी जायेगी। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से यातायात नियमों तथा डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः