महुली पुलिस को बड़ी कामयाबी, अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

महुली पुलिस को बड़ी कामयाबी, अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

 

तीन शातिर गिरफ्तार, पांच मोटरसाइकिल व तीन मोबाइल बरामद

 

मैनसिर नहर पुलिया से धरपकड़, कई जनपदों में चोरी की घटनाओं का खुलासा

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महुली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने अंतरजनपदीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिल और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस टीम ने 24 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर मैनसिर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रामचन्द्र गुप्ता निवासी रामपुर थाना खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर, प्रियांशु सिंह उर्फ सिंटू निवासी खरवनिया कला थाना महुली जनपद संतकबीरनगर तथा कुनाल निवासी इमिलडिहा थाना सहजनवा जनपद गोरखपुर शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर थाना महुली में मुकदमा संख्या 302/2026 धारा 317(2), 317(4), 112(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे विभिन्न जनपदों—देवरिया, लखनऊ (इटौंजा, बीकेटी) और बाराबंकी—में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी की गई गाड़ियों को कम कीमत पर बेचकर धन आपस में बांट लेते थे। उनकी निशानदेही पर दो अन्य मोटरसाइकिलें आरओ प्लांट मैनसिर क्षेत्र से बरामद की गईं। पुलिस अन्य जनपदों से वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाकर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक गौतम यादव, हेड कांस्टेबल शम्स तबरेज, नजीर हुसैन, कांस्टेबल अरविंद यादव, विजय गौतम, एंटीथेफ्ट सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, हेड कांस्टेबल आदित्य यादव, कांस्टेबल वीर बहादुर यादव, अरुण हलवाई तथा सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह व कांस्टेबल पीयूष गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।