मेंहदावल में विकास को गति: विधायक अनिल त्रिपाठी की पहल
PWD को भेजा 21 कार्यों का प्रस्ताव, बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
सड़क, पुल और फ्लाईओवर निर्माण से कनेक्टिविटी होगी मजबूत
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए विधायक अनिल त्रिपाठी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को 21 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्ताव पत्र भेजा है। दिनांक 23 जून 2025 को प्रेषित इस पत्र में सड़क, पुल, फ्लाईओवर और संपर्क मार्गों के निर्माण एवं चौड़ीकरण जैसे अहम कार्य शामिल हैं, जिनसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ आम जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में मेंहदावल-लोहरसन मार्ग पर सम्दा गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर निर्माण, राप्ती नदी पर दीर्घ सेतु, तथा विभिन्न प्रमुख मार्गों के नवनिर्माण और चौड़ीकरण जैसे बड़े कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए कई नए पुलों और सुदृढ़ सड़कों के निर्माण की मांग की गई है, जिससे आवागमन सुगम हो सके।
प्रस्ताव में गनईराव सीवान से बौधरा बाबा मार्ग, पुरैना-भटौरा मार्ग, बेलवनवा-सरफरा मार्ग सहित कई ग्रामीण सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण को शामिल किया गया है। वहीं, आमी नदी और अन्य स्थानों पर जर्जर पुलों के स्थान पर नए पुल बनाने का भी आग्रह किया गया है।
विधायक ने पत्र में स्पष्ट किया है कि ये सभी कार्य जनहित से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से इन प्रस्तावों पर शीघ्र अग्रेतर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
यदि इन योजनाओं को स्वीकृति मिलती है, तो मेंहदावल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान हो जाएगी, जिससे समग्र विकास को बल मिलेगा।