थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। शनिवार को थाना पुरानी बस्ती में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। बड़ी संख्या में लोगों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें प्रस्तुत कर त्वरित समाधान की मांग की।
जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, कानून-व्यवस्था तथा जनसामान्य से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए संयुक्त राजस्व-पुलिस टीमें गठित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास कायम रहे। जटिल मामलों में संबंधित अधिकारी समयबद्ध जांच कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
थाना समाधान दिवस में भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। इनके शीघ्र निस्तारण के लिए संयुक्त राजस्व-पुलिस टीमों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक पुरानी बस्ती सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद के अन्य थानों पर भी थाना समाधान दिवस आयोजित कर अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।