डाॅ बबीता सिंह चौहान समीक्षा बैठक, महिला उत्पीड़न मामलों में त्वरित न्याय के निर्देश

डाॅ बबीता सिंह चौहान समीक्षा बैठक, महिला उत्पीड़न मामलों में त्वरित न्याय के निर्देश

 

खलीलाबाद जनसुनवाई में 10 प्रकरण, 15 दिन में निस्तारण के सख्त आदेश

 

जिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव, गोद भराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित

 

जितेन्द्र पाठक

 

संत कबीर नगर, 22 जुलाई 2026।

उ0प्र0 राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डाॅ बबीता सिंह चौहान ने जनपद संत कबीर नगर में महिला उत्पीड़न की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से व्यापक समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खलीलाबाद स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई।

जनसुनवाई के दौरान समाज कल्याण, राजस्व, महिला कल्याण और पुलिस विभाग से जुड़े कुल 10 प्रकरण सामने आए। अध्यक्ष ने सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण 15 दिवस के भीतर सुनिश्चित करते हुए आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।

जनपद भ्रमण के दौरान डाॅ बबीता सिंह चौहान ने तामेश्वर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद संयुक्त जिला चिकित्सालय के महिला विंग में कन्या जन्मोत्सव, गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान 20 नवजात कन्याओं का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया तथा उनकी माताओं को उपहार स्वरूप मिठाई, फल, बेबी किट और वस्त्र वितरित किए गए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में कोई प्रमुख शिकायत सामने नहीं आई।

इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड-19 के तहत 2 बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।