रामकथा पार्क के आसपास अवैध पार्किंग का आरोप, सनातन रक्षक संघ ने नगर निगम को सौंपा ज्ञापन

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रामकथा पार्क, भजन संध्या स्थल और नया घाट क्षेत्र में कथित अवैध पार्किंग संचालन तथा श्रद्धालुओं से मनमानी शुल्क वसूली का मामला मंगलवार को नगर निगम पहुंच गया। सनातन रक्षक संघ के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को संबोधित एक ज्ञापन अपर नगर आयुक्त एवं एसडीएम नागेंद्र कुमार को सौंपा। संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
बिना अनुमति संचालन और मनमानी वसूली का आरोप
संघ के अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित क्षेत्रों में बिना किसी वैध अनुमति के पार्किंग का अवैध संचालन किया जा रहा है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित शुल्क से कई गुना अधिक धनराशि वसूली जा रही है, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक शोषण का शिकार होना पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में जिलाधिकारी (DM) समेत अन्य उच्चाधिकारियों को भी लिखित शिकायत भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। ₹20 की जगह वसूले जा रहे ₹100, नहीं मिलती रसीद ज्ञापन में पार्किंग संचालन की गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि रसीद का अभाव नया घाट पार्किंग स्थल पर वाहन चालकों को भुगतान के बदले कोई रसीद नहीं दी जाती है। डिजिटल भुगतान गायब वर्तमान डिजिटल युग में भी यहां ऑनलाइन या डिजिटल भुगतान की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है, ताकि अवैध वसूली को छुपाया जा सके नियमों की धज्जियां नगर निगम द्वारा पार्किंग शुल्क ₹20 प्रति घंटा निर्धारित है। इसके बावजूद, यदि कोई श्रद्धालु मात्र 10 से 15 मिनट के लिए भी वाहन खड़ा करता है, तो उससे ₹100 तक जबरन वसूल लिए जाते हैं। तीन बाहरी लोगों पर अवैध संचालन का आरोप सनातन रक्षक संघ ने अपने ज्ञापन में सीधे तौर पर तीन लोगों को नामजद करते हुए आरोप लगाया है कि इस कथित अवैध पार्किंग का संचालन विकास दुबे (मध्य प्रदेश), दीपक गुप्ता (आगरा) और धर्मेंद्र शुक्ला (अमेठी) द्वारा कराया जा रहा है। संगठन ने इन तीनों के खिलाफ उच्चस्तरीय जांच कर बिना अनुमति चल रहे पार्किंग स्थलों को तत्काल बंद कराने की मांग की है। मामले की जांच कराई जाएगी सनातन रक्षक संघ द्वारा सौंपा गया ज्ञापन प्राप्त हो गया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में अवैध संचालन और मनमानी वसूली के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त एवं एसडीएम
मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी सनातन रक्षक संघ ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर मामले में शीघ्र ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो श्रद्धालुओं के हित में एक व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों और लूट-खसोट से देश-दुनिया से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के बीच शहर की छवि धूमिल हो रही है और उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।