UPTET-2026 को लेकर प्रशासन सख्त, कलेक्ट्रेट सभागार में हुई अहम गोष्ठी
डीएम आलोक कुमार और एसपी संदीप कुमार मीना ने दिए कड़े निर्देश, नकल पर रहेगी पैनी नजर
02 से 04 जुलाई तक दो पालियों में होगी परीक्षा, सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। आगामी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी आलोक कुमार ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों एवं मजिस्ट्रेटों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी अफवाह या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद में UPTET-2026 परीक्षा 02 और 03 जुलाई को दो पालियों में तथा 04 जुलाई 2026 को प्रथम पाली में आयोजित की जाएगी। प्रशासन द्वारा परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।