जनता से किए वादे हो रहे पूरे, विधायक दूधराम ने सड़क निर्माण कार्यों का कराया शुभारंभ…..
बस्ती। महादेवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए मंगलवार को ग्राम गूमानारी से चैनपुरवा होते हुए अमरडोभा तक तथा सिरौता चौराहे से पुरवां शिवमंदिर तक बनने वाले नवनिर्मित सड़क मार्ग का भूमि पूजन एवं शुभारंभ महादेवा विधायक दूधराम ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर किया।
इस अवसर पर विधायक दूधराम ने कहा कि महादेवा विधानसभा का प्रत्येक गांव विकास की रोशनी से जुड़ सके, यही हमारा संकल्प है। आज गूमानारी, चैनपुरवा, अमरडोभा तथा सिरौता से पुरवां शिव मंदिर तक बनने वाली सड़कों का भूमि पूजन केवल एक निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सड़कें विकास की जीवनरेखा होती हैं। इनके बनने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में आसानी होगी और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। हमारी सरकार गांव, गरीब, किसान और आम जनमानस के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य करा रही है। आने वाले समय में भी महादेवा विधानसभा में विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी और जनता की हर अपेक्षा पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।”
कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। सड़क निर्माण से न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि फूलचंद श्रीवास्तव एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो रही है।