ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार पर जीएस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने कराया विशाल भंडारा…..
बस्ती। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार के अवसर पर रौता चौराहा स्थित श्री शनेश्वर मंदिर परिसर में जीएस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भाव से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया तथा भगवान हनुमान एवं शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए शीतल शरबत, प्रसाद एवं भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजन स्थल पर सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से प्रसाद वितरण कराया।
इस अवसर पर जीएस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के निदेशक डा. अंकित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज की सेवा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। बड़े मंगलवार का यह पावन पर्व हमें सेवा, समर्पण और परोपकार की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल केवल स्वास्थ्य सेवाएं ही नहीं, बल्कि सामाजिक और धार्मिक कार्यों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा।
डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। श्रद्धालुओं की सेवा और उन्हें प्रसाद वितरण करने का अवसर हमारे लिए सौभाग्य की बात है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।
जीएस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की डा. श्वेता तिवारी ने कहा की बड़े मंगलवार का यह पावन अवसर सेवा और समर्पण का संदेश देता है। जीएस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल सदैव समाज के सुख-दुख में सहभागी रहा है। श्रद्धालुओं की सेवा कर हमें आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है। भविष्य में भी अस्पताल जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।”
जीएस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर अमित चौबे ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया है। उन्होंने लोगों से धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने की अपील की।
भंडारे में प्रमुख रूप से राजेश चित्रगुप्त, राम विनय पांडेय, पंकज त्रिपाठी, हेमंत पांडेय, सोनू पाठक सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में सेवा और सहयोग की उत्कृष्ट मिसाल बताया।