एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

 

जिला अस्पताल पहुंचे चेयरमैन जगत जायसवाल, परिजनों को बंधाया ढाढस

24 घंटे पोस्टमार्टम की व्यवस्था की मांग, पुलिस जांच में जुटी

जितेंद्र पाठक

संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के बरईटोला निवासी 55 वर्षीय सुमिरन चौरसिया की मंगलवार को एनएच-27 पर हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुमिरन चौरसिया बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल खलीलाबाद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां नगरपालिका खलीलाबाद के चेयरमैन जगत जायसवाल भी पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढाढस बंधाया। इस दौरान चेयरमैन ने कहा कि पोस्टमार्टम की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि दूर-दराज से आने वाले परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।