सेमरियावां ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मुमताज अहमद ने बदहाल सड़क को कराया गड्ढा मुक्त, लोगों को मिली राहत

सिस्टम की अनदेखी पर जनप्रतिनिधि का एक्शन, टीम के साथ चलाया ‘गड्ढा मुक्त अभियान’
जन जागरण यात्रा के जरिए जागरूकता का संदेश, स्थानीय लोगों ने की सराहना
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। वर्षों से जर्जर और गड्ढों से भरी सड़क से परेशान लोगों को आखिरकार राहत मिलती नजर आई, जब सेमरियावां ब्लॉक के प्रमुख प्रतिनिधि मुमताज अहमद ने खुद मैदान में उतरकर समस्या के समाधान की पहल की। खलीलाबाद नगर पालिका क्षेत्र में होटल शिवाय के बगल से पुरानी पानी टंकी को जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी। सड़क के मोड़ पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं और लोग चोटिल हो रहे थे।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कई बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। प्रशासनिक उदासीनता से नाराज होकर मुमताज अहमद ने अपनी टीम और साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर ‘गड्ढा मुक्त अभियान’ चलाया और सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कराया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी ‘जन जागरण यात्रा’ का उद्देश्य लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और बुनियादी समस्याओं को उठाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि जो काम जिम्मेदार विभागों को करना चाहिए, उसे जनता के सहयोग से खुद पूरा करना उनकी प्राथमिकता है।
मुमताज अहमद की इस पहल की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की और इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया। लोगों का कहना है कि अगर जनप्रतिनिधि इसी तरह सक्रिय रहें, तो क्षेत्र की कई समस्याओं का समाधान संभव है।