बस्ती में मिशन शक्ति फेज-6 का भव्य शुभारंभ, नारी सुरक्षा के संदेश के साथ निकला पैदल मार्च
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को जनपद बस्ती में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित ‘मिशन शक्ति अभियान फेज-6’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सिविल लाइन चौकी से नारी सशक्तिकरण के संदेश के साथ विशाल पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन में आयोजित यह पैदल मार्च सिविल लाइन चौकी से प्रारंभ होकर बेगम खैर, गांधीनगर, मालवीय तिराहा, फव्वारा तिराहा और जिलाधिकारी कार्यालय होते हुए पुनः सिविल लाइन स्थित शास्त्री चौक पर पहुंचा।

इस आयोजन में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, नगर पालिका परिषद के अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और संभ्रांत नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पैदल मार्च के दौरान प्रमुख चौराहों एवं बाजारों में लोगों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने संदेश दिया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शारदीय नवरात्रि शक्ति की उपासना का पर्व है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समानता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और किसी भी समस्या की स्थिति में सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर जनपद के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।