लालगंज के सांगीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत: चचेरे भाई ने पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया, मामले की जांच में जुटी पुलिस

लालगंज के सांगीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत: चचेरे भाई ने पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया, मामले की जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के सांगीपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के चचेरे भाई ने उसकी पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अब जानिए पूरी घटना…

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, सांगीपुर थाना क्षेत्र के दुबे का पुरवा राजमतीपुर गांव निवासी समरजीत वर्मा ने बताया कि उनके चचेरे भाई अवधेश वर्मा (37) पुत्र उमाशंकर वर्मा की गुरुवार शाम करीब छह बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। अवधेश ने बेचैनी महसूस होने पर गांव के लोगों को फोन कर बुलाया। इलाज के लिए ले जाते समय मौत गांव वालों ने एंबुलेंस की सहायता से अवधेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगीपुर पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया। आरोप है कि प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में अवधेश ने अपने एक साथी को बताया कि उसकी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध हैं और उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता है। यह बात कहने के बाद वह अचेत हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया

परिजन उन्हें तुरंत प्रयागराज के एक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक अवधेश वर्मा मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के समय उनकी पत्नी मायके में थीं और सूचना मिलने के बाद उनके गांव पहुंचने की बात कही जा रही है।

थानाध्यक्ष गौरव त्रिवेदी ने बताया-

मृतक के चचेरे भाई की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मृतक की पत्नी के आने का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।