नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

लखनऊ। थाना गाजीपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़िता के न्यायालय में दर्ज बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे को संबंधित धाराओं में तरमीम करने के बाद दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को वादिनी की ओर से दिए गए प्रार्थना-पत्र के आधार पर थाना गाजीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 0282/2026, धारा 74 बीएनएस एवं 7/8 पॉक्सो अधिनियम के तहत गुड्डू और अमित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।विवेचना के दौरान पीड़िता के न्यायालय में दर्ज बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों में शारीरिक शोषण के आरोप प्रथम दृष्टया पुष्ट होने पर अभियोग को धारा 70(2) बीएनएस एवं धारा 5(जी)/6 पॉक्सो अधिनियम में तरमीम किया गया।पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों अभियुक्त सेक्टर-25 से मुंशी पुलिया जाने वाली सर्विस रोड के किनारे खड़े हैं। सूचना पर थाना गाजीपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास के संबंध में अन्य थानों एवं जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गुड्डू केवट पुत्र बराती लाल केवट (19 वर्ष) निवासी ग्राम लोहंगपुर, थाना संदना, जिला सीतापुर, हाल पता ग्राम टीकापुरवा, इंदिरानगर, थाना गाजीपुर, लखनऊ तथा अमित कश्यप पुत्र राम सहाय कश्यप (20 वर्ष) निवासी ग्राम नेवादा बरुआ, थाना खैराबाद, जिला सीतापुर, हाल पता ग्राम टीकापुरवा, इंदिरानगर, थाना गाजीपुर, लखनऊ के रूप में हुई है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक आनन्द कुमार, उपनिरीक्षक धनपाल तथा कांस्टेबल भुवन विक्रम चतुर्वेदी शामिल रहे। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना गाजीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 282/2026 दर्ज है।