आम तोड़ने से रोकने पर बाग मालिक-बेटे पर हमला: कंधई में सिर में चोटें आईं, पति-पत्नी पर एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

आम तोड़ने से रोकने पर बाग मालिक-बेटे पर हमला: कंधई में सिर में चोटें आईं, पति-पत्नी पर एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र में आम तोड़ने से रोकने पर बाग मालिक और उनके बेटे पर हमला किया गया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, उनके सिर में चोटें आई हैं। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना शेखनपुर गांव में हुई, जहाँ मो. अहमद अपने खरीदे हुए आम के बाग की रखवाली कर रहे थे। अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने प्रयागराज जनपद के मऊअइमा थाना क्षेत्र के मरखा में कंधई के गुतौली गांव के नसीम वकील से यह आम का बाग खरीदा था। मंगलवार की रात, जब मो. अहमद और उनके बेटे बाग में रखवाली कर रहे थे, तभी गुतौली गांव के शहाबुद्दीन और उसकी पत्नी नूरजहाँ बाग में आम तोड़ रहे थे। मो. अहमद और उनके बेटे ने उन्हें आम तोड़ने से रोका। मना करने पर दंपती ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर शहाबुद्दीन और नूरजहाँ ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में मो. अहमद और उनके बेटे के सिर में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। खून बहता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। कंधई थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि मो. अहमद की तहरीर पर शहाबुद्दीन और नूरजहाँ निवासी गुतौली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।