लगातार बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश, रातभर परेशान रहे उपभोक्ता
*बिहार पावर हाउस से संचालित बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल*
क्षेत्र में बिहार पावर हाउस से संचालित बिजली व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि रात के समय, जब लोगों के आराम और सोने का समय होता है, तभी 2-2 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में कब बिजली चली जाए और कितनी देर बाद आए, इसका कोई निश्चित समय नहीं रहता। अचानक हो रही कटौती के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही और दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों और नगरवासियों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से रात के समय अनावश्यक कटौती बंद करने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।