पेनल्टी शूटआउट में बस्ती का ‘दमदार वार’, लखनऊ को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में धमाकेदार प्रवेश
रोमांचक क्वार्टर फाइनल में निर्धारित समय तक गोल के लिए तरसीं दोनों टीमें, संघर्ष और धैर्य के बाद पेनल्टी शूटआउट में बस्ती ने मारी बाजी
बस्ती। राज्य स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता में बस्ती मंडल की अंडर-19 टीम ने रोमांचक और बेहद संघर्षपूर्ण क्वार्टर फाइनल मुकाबले में लखनऊ मंडल को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में शानदार प्रवेश किया।
मुकाबला शुरू से ही कांटे का रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन निर्धारित समय तक किसी भी टीम को गोल करने में सफलता नहीं मिली। मैदान पर हर पल रोमांच बढ़ता रहा और मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक जा पहुंचा।
पेनल्टी शूटआउट में बस्ती के खिलाड़ियों ने अद्भुत आत्मविश्वास, संयम और जुझारूपन का परिचय देते हुए लखनऊ को 3-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ बस्ती मंडल की टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
बहुत संघर्ष करने के बाद मिली यह जीत खिलाड़ियों के हौसले, अनुशासन और टीम भावना की शानदार मिसाल बनी। कठिन परिस्थितियों में भी खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और आखिरी क्षण तक संघर्ष करते हुए बस्ती मंडल का परचम लहराया।
सेमीफाइनल में अब बस्ती की नजर खिताबी मुकाबले पर है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से पूरे मंडल में खुशी और उत्साह का माहौल है।