प्रेमी को जेल भिजवाया, छुड़ाने के लिए टॉवर चढ़ी: 4 साल के बच्चे को नीचे छोड़ा, महिला बोली- मेरी शादी करवाओ

प्रेमी को जेल भिजवाया, छुड़ाने के लिए टॉवर चढ़ी: 4 साल के बच्चे को नीचे छोड़ा, महिला बोली- मेरी शादी करवाओ

 

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के बालीपुर स्थित रिलायंस जिओ के मोबाइल टॉवर पर एक महिला चढ़ गई। महिला अपने चार साल के बच्चे को नीचे छोड़कर टॉवर पर चढ़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला ने पहले अपने प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद आरोपी युवक को जेल भेज दिया गया। अब महिला उसी युवक को जेल से रिहा कराने की मांग को लेकर टॉवर पर चढ़ गई। उसका कहना है कि प्रेमी को जेल से छोड़कर उससे शादी कराई जाए। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम महिला को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, महिला महेशगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस का कहना है कि महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पूरा मामला जानिए…

महेशगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला महेशगंज में प्राइवेट सफाई कर्मचारी के रूप में काम करती थी। महिला का आरोप है कि वह अशोक गौतम के मकान में किराए पर रहती थी। इसी दौरान अशोक गौतम के बेटे अंकित गौतम ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर करीब चार महीने तक पति-पत्नी की तरह रहा। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई और गर्भ करीब चार महीने का हो चुका है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी अंकित गौतम के पिता अशोक गौतम और मां रूपा देवी ने भी उसे भरोसा दिलाया था। आरोप है कि जब महिला ने शादी का दबाव बनाया तो अंकित गौतम ने गर्भपात कराने की बात कही और शादी से इनकार कर दिया। आरोपी ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, आरोपी के कहने पर उसकी सफाई कर्मी की नौकरी भी छुड़वा दी गई। 21 अप्रैल को महिला ने महेशगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसके प्रेमी को 24 अप्रैल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसी मामले को लेकर वह बालीपुर स्थित रिलायंस के मोबाइल टॉवर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन कर रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि महिला को सकुशल नीचे उतारने के बाद पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।