लखनऊ । राजधानी के सरोजनीनगर क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नगदी, बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटी, टीवी और डीवीआर समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से चोरी की वारदातों में सक्रिय थे और उनके खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस के मुताबिक, सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में बंद घरों में ताला तोड़कर चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। मोहल्ला गंगानगर अमौसी निवासी गायत्री सिंह की तहरीर पर मुकदमा संख्या 175/2026 दर्ज किया गया था। आरोप था कि 20 अप्रैल से 13 मई 2026 के बीच अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी कर ले गए। इसी क्रम में बद्रीनगर कॉलोनी नादरगंज निवासी इबरार अहमद की शिकायत पर मुकदमा संख्या 180/2026 दर्ज हुआ, जिसमें 13 से 15 मई की रात अज्ञात चोरों द्वारा अलमारी में रखे जेवरात चोरी करने की घटना सामने आई। इसके अलावा हिन्दुखेड़ा अमौसी निवासी रईस अहमद की तहरीर पर मुकदमा संख्या 54/2026 पंजीकृत किया गया था, जिसमें फरवरी माह में घर का ताला तोड़कर बुलेट मोटरसाइकिल, जेवरात और नगदी चोरी कर ली गई थी।घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में सर्विलांस टीम सहित चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने करीब 200 से 250 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित की गई और 19 मई 2026 को मेहराब ग्राउंड, नादरगंज क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू सिंह, प्रदुम्न सिंह, शक्तिमान सिंह और विनीता सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों आपस में रिश्तेदार हैं और भाई, भाभी, मामा तथा भांजे के संबंध में हैं। आरोपी किराये के मकानों में रहकर लगातार ठिकाना बदलते थे, जिससे पुलिस की नजरों से बच सकें।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिन में बंद घरों की रेकी करते थे और रात में मुंह पर कपड़ा बांधकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। जिन मकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे होते थे, वहां से पहचान छिपाने के लिए डीवीआर भी चोरी कर ले जाते थे। आरोपियों ने घरों का ताला तोड़कर जेवरात, नगदी, बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटी, टीवी और अन्य सामान चोरी करने की बात स्वीकार की है।पुलिस ने बताया कि मुकदमा संख्या 180/2026 से संबंधित बड़ी मात्रा में पीली और सफेद धातु के जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनमें हार, अंगूठियां, झुमके, चूड़ियां, नथ, टॉप्स, पायल और अन्य आभूषण शामिल हैं। मुकदमा संख्या 175/2026 से संबंधित 15 ग्राम पीली धातु और एक स्कूटी बरामद हुई है। वहीं मुकदमा संख्या 54/2026 में चोरी गई बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूपी-32 पीयू-9388, एक टीवी और डीवीआर भी बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना सोनू सिंह पहले भी चोरी और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पीजीआई और सरोजनीनगर थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी चोरी के मामलों में आपराधिक इतिहास पाया गया है।संयुक्त कार्रवाई थाना सरोजनीनगर पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है, जबकि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।