महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। मेहदावल (संत कबीर नगर) जनपद के थाना मेहदावल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करहना में पुलिस की मानवीयता और तत्परता की एक ऐसी मिसाल पेश की गई, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। अयोध्या सरयू नया घाट की जल पुलिस और स्थानीय पुलिस ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए लापता 4 वर्षीय मासूम को सकुशल बरामद कर लिया। बिछड़े हुए लाल को जब मां की गोद मिली, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें खुशी से छलक उठीं। लापता मासूम से गांव में पसरा था सन्नाटा मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम करहना निवासी विकास पांडे का 4 वर्षीय पुत्र विश्व पांडे अचानक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। मासूम के गायब होने की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी और बेचैनी का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और अनहोनी की आशंका से ग्रामीण चिंतित थे।
जल पुलिस ने चलाया व्यापक सर्च ऑपरेशन मामले की गंभीरता को देखते हुए अयोध्या नया घाट जल पुलिस की टीम ने तत्काल कमान संभाली। प्रभारी रूबे प्रताप मौर्य के नेतृत्व में कांस्टेबल नित्यानंद यादव, कांस्टेबल सुरेंद्र यादव, और गोताखोर पंकज मांझी व हरि मांझी ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। विशेष रूप से कांस्टेबल नित्यानंद यादव और उनकी टीम ने गांव की गलियों से लेकर जल क्षेत्रों के आसपास के हर संभावित स्थानों को खंगाला। टीम की सूझबूझ और बिना थके की गई मेहनत का परिणाम रहा कि मासूम विश्व पांडे को सकुशल ढूंढ निकाला गया।
भावुक कर गया मां और बेटे का मिलन बच्चे की बरामदगी के बाद जब उसे उसकी मां के सुपुर्द किया गया, तो नजारा अत्यंत भावुक हो गया। घंटों से अपने कलेजे के टुकड़े के लिए तड़प रही मां ने जैसे ही बच्चे को देखा, उसे सीने से चिपका लिया। मां-बेटे के इस मिलन को देख ड्यूटी पर तैनात जवानों और उपस्थित ग्रामीणों के आंसू छलक पड़े। पुलिस की मुस्तैदी ने आज मेरा उजड़ा संसार फिर से बसा दिया। कांस्टेबल नित्यानंद और उनकी पूरी टीम हमारे लिए देवदूत बनकर आई। परिजन, विश्व पांडे कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात बच्चे को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने नम आंखों से जल पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। यह घटना न केवल पुलिस की त्वरित कार्रवाई को दर्शाती है, बल्कि खाकी के पीछे छिपी मानवीय संवेदनशीलता का भी जीवंत उदाहरण है।