गरबा व नृत्य में दिखी गुजरात के संस्कृति की झलक -गुजरात के स्थापना दिवस पर छात्र-छात्राओं ने पेश किये विभिन्न कार्यक्रम

अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय सभागार में गुजरात के स्थापना दिवस के अवसर पर देर शाम फैशन शो कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विवि के कुलपति डा. पी.एस. प्रमाणिक व समस्त अधिष्ठाता एवं निदेशक ने दीप प्रज्वलन कर किया। महाविद्यालय की अधिष्ठाता डा. साधना सिंह ने सभी अतिथियों को बुके एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।  इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। फैशन शो में विद्यार्थियों ने गुजरात की पारंपरिक वेशभूषा एवं हस्तशिल्प के जरिए गुजरात की संस्कृति एवं सभ्यता से सभी को अवगत कराया। कृषि महाविद्यालय के छात्र- छात्राओं ने गरबा, रास व नृत्य भी प्रस्तुत किये। डॉ समीर द्वारा गुजरात के विकसित डेरी उद्योग पर एक वृत्त चित्र प्रस्तुत किया गया।  कुलपति डा. पी.एस. प्रमाणिक ने कहा की हम आज उत्तर प्रदेश की धरती पर गुजरात स्थापना दिवस मना रहे हैं, जो दो संस्कृतियों का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा की गुजरात कई महापुरुषों जैसे महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल आदि की जन्मस्थली रहा है। गुजरात अपनी विषम परिस्थितियों के बाद भी आज सांस्कृतिक एवं तकनीकी रूप से बहुत अधिक विकसित है जो अपने आप में एक मिसाल है। यह कार्यक्रम अधिष्ठाता डा. साधना सिंह के संयोजन में आयोजित किया गया। डा. विभा परिहार ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर विवि के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।