राहगीरों की गाड़ियां जबरन कब्जे में लेकर वसूली करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

राहगीरों की गाड़ियां जबरन कब्जे में लेकर वसूली करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। कप्तानगंज थाना पुलिस ने राहगीरों की गाड़ियों को जबरन कब्जे में लेकर उनके बदले रुपये की मांग करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी सीज कर दिया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र में राहगीरों की गाड़ियां जबरन कब्जे में लेकर वसूली किए जाने के संबंध में 6 सितंबर को मुकदमा संख्या 238/2026 तथा 8 सितंबर को मुकदमा संख्या 241/2026 धारा 308(5), 317(2), 61(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।

 

इसी मामले में थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 9 सितंबर को रात करीब 2:35 बजे रेहरवा-टिनिच मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास से आदर्श सिंह (23) निवासी हथिनाग, थाना वजीरगंज, जनपद गोंडा तथा शशांक पाण्डेय (21) निवासी बैदोलिया, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती को गिरफ्तार किया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार संख्या UP51 BU 5308 बरामद हुई, जिसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया।

 

तीन मोटरसाइकिलें बरामद

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से UP58 AJ 7456 होंडा एक्सट्रीम, BR55 D 5814 बजाज पल्सर तथा UP51 BL 4244 प्लैटिना मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, इन वाहनों को उनके मालिकों से धमकी देकर कब्जे में लिया गया था।

 

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों विशाल भारद्वाज निवासी अर्जुनडीहा भारीनाथ, थाना कप्तानगंज तथा अमन सिंह निवासी काशीपुर, थाना वजीरगंज, गोंडा के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह को अभिषेक यादव द्वारा स्विफ्ट कार उपलब्ध कराई जाती थी और वाहन कब्जे में लेने के लिए कथित तौर पर कोड भी बताया जाता था। इसके बाद वाहन मालिक से पहले रुपये की मांग की जाती थी और भुगतान नहीं करने पर मृत्यु अथवा गंभीर चोट का भय दिखाकर वाहन कब्जे में ले लिया जाता था।

 

पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त को कप्तानगंज सीएचसी गेट के पास से एक होंडा मोटरसाइकिल, 6 सितंबर को जियो पेट्रोल पंप दुधौरा से एक प्लैटिना तथा 27 अगस्त को बिहार निवासी संजय मेहता की पल्सर मोटरसाइकिल को कब्जे में लिए जाने की घटनाएं सामने आई हैं।

 

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास

 

पुलिस के अनुसार आदर्श सिंह के विरुद्ध गोंडा के कोतवाली नगर थाने में वर्ष 2023 का एक मुकदमा तथा कप्तानगंज थाने में वर्तमान प्रकरण से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शशांक पाण्डेय के विरुद्ध वाल्टरगंज, हर्रैया और कप्तानगंज थानों में पूर्व के मुकदमे दर्ज हैं।

 

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक मो. रफी खान, उपनिरीक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह, गणेश कुमार सिंह तथा कांस्टेबल अभिमन्यु शर्मा, पंकज सिंह, जय प्रकाश यादव और रिजर्व कांस्टेबल आशु जायसवाल शामिल रहे।

 

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बिना वैध नोटिस और दस्तावेजों के सड़क पर किसी व्यक्ति द्वारा वाहन जबरन कब्जे में लेने या धमकी देकर रुपये मांगने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने ऐसे फर्जी फाइनेंसरों और अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।