विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं राजयोग मेडिटेशन कार्यक्रम आयोजित

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं राजयोग मेडिटेशन कार्यक्रम आयोजित

 

अम्बेडकर नगर, 10 सितम्बर 2026। महमाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अम्बेडकर नगर में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर प्रधानाचार्य महोदय की अध्यक्षता में चिकित्सालय के सभागार में मेंटल हेल्थ एंड वेल बीइंग कमेटी द्वारा मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम तथा ब्रह्माकुमारी संस्था के सहयोग से राजयोग मेडिटेशन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ जागरूकता रैली को प्रधानाचार्य द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को आत्महत्या की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य तथा अवसाद, तनाव एवं एंग्जायटी जैसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूक किया गया।

 

इसके पश्चात यूजीसी के निर्देशानुसार मेंटल हेल्थ और वेल बीइंग कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. अमित कुमार गुप्ता, विभागाध्यक्ष, मानसिक रोग विभाग द्वारा आत्महत्या की रोकथाम के संबंध में संवाद किया गया। उन्होंने बताया कि मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता तथा जीवन में आने वाली विभिन्न परिस्थितियों से उत्पन्न मानसिक परेशानियों को समय रहते पहचानना और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा जरूरतमंद व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनकर उसे उचित सहायता उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्य अतिथि बी.के. तपोशी द्वारा ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से राजयोग मेडिटेशन कराया गया। उन्होंने बताया कि मेडिटेशन के माध्यम से मन को एकाग्र करने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा मानसिक शांति प्राप्त करने में सहायता मिलती है। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को ध्यान की सरल विधि समझाते हुए कुछ समय के लिए मन को शांत एवं एकाग्र रखने का अभ्यास कराया।

 

बी.के. तपोशी ने सकारात्मक सोच, ध्यान एवं मन की एकाग्रता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार हमारा ध्यान जाता है, उसी दिशा में हमारी ऊर्जा और सोच का प्रभाव बढ़ता है। उन्होंने “सकारात्मक सोच अथवा विचार”, आत्मचिंतन एवं नियमित मेडिटेशन को मानसिक संतुलन और प्रसन्नता के लिए उपयोगी बताया। साथ ही प्रतिभागियों को जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा स्वयं के भीतर शांति और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम के दौरान मेडिटेशन, संवाद तथा विभिन्न मनोरंजक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियां और खेल भी कराए गए। इन गतिविधियों में सभी प्रतिभागियों ने उत्साह एवं प्रसन्नता के साथ भाग लिया। गतिविधियों का उद्देश्य प्रतिभागियों में आपसी संवाद, सकारात्मक सोच, मन की एकाग्रता एवं मानसिक प्रसन्नता को बढ़ावा देना रहा।

 

कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी संस्था से समाजी विपिन एवं डॉक्टर प्रदीप, डॉ अनिल सिंह यादव माइक्रोबायोलॉजी, नर्सिंग स्टाफ सिस्टर एवं नर्सिंग कॉलेज के सभी बैच से छात्र-छात्राओं, सी.बी. सिंह लॉ कॉलेज अम्बेडकर नगर, पुष्पा खरवार महिला पी.जी. कॉलेज, कश्मीरीया टांडा सहित विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में विनोद कनौजिया काउंसलर, डॉ प्रियम खरे काउंसलर, स्टाफ नर्स अनुराग त्रिपाठी एवं डाटा मैनेजर स्वीटी शर्मा सहित संबंधित स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आत्महत्या की रोकथाम के लिए लोगों को संवेदनशील बनाना तथा ध्यान, सकारात्मक सोच और आपसी संवाद के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।