श्रद्धालुओं को डायरिया से बचाने के लिए रामनगरी में ओआरएस घोल वितरण शुरू


-लता चौक पर आयोजित शिविर में महापौर ने पैकेट वितरण कर किया अभियान का उद्घाटन
अयोध्या। रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी के चलते होने वाले निर्जलीकरण एवं डायरिया जैसी बीमारी का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर निगम ने ओआरएस घोल वितरण का अभियान शुरू किया है। लता चौक पर आयोजित शिविर में श्रद्धालुओं को ओआरएस पैकेट एवं घोल का वितरण कर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने अभियान की शुरुआत की।  इस मौके पर पार्षद अनुज दास, रीशू पांडेय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा, भाजपा नेता आलोक द्विवेदी, संत राकेशजी राजा महाराज सहित बड़ी संख्या में संभ्रांतजन मौजूद थे। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शुरू किए गए शिविर में नगर निगम की टीम ने सैकड़ों श्रद्धालुओं को ओआरएस घोलकर पिलाया और उन्हें इसके लाभ से परिचित कराया। महापौर ने इस मौके पर कहा कि नगर निगम न केवल सफाई और पेयजल व्यवस्था के लिए कटिबंध है, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की चिंता भी उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इसीलिए नगर निगम ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ओआरएस घोल के वितरण का अभियान शुरू किया है, जो पूरे माह जारी रहेगा।