डीएम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 208 मामलों की सुनवाई

डीएम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 208 मामलों की सुनवाई

 

शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 

पुलिस प्रकरणों में मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश, थानाध्यक्षों को सख्ती

 

जितेन्द्र पाठक

 

संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में खलीलाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य शिकायतकर्ता को संतुष्टि दिलाना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई तय है। खलीलाबाद तहसील में कुल 63 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि कई प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण हेतु टीम भेजी गई।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत में मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।

इसी क्रम में धनघटा तहसील में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) जयप्रकाश एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह की उपस्थिति में कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयसीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए। वहीं मेंहदावल तहसील में उप जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में 67 प्रार्थना पत्रों की सुनवाई हुई, जिसमें 12 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया तथा अन्य मामलों में जांच टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।

जनपद की तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 208 प्रार्थना पत्रों की सुनवाई हुई, जिनमें से 22 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही का संदेश दिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य, राजस्व एवं पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।