आग का कहर, सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में लगी आग से सैकड़ो बीघे गेंहू की फसल जलकर रखा हो गयी।  ोहावल तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामनगर धौराहरा में शनिवार को गेहूं कटाई के लिए आई कंबाइन मशीन को मकैनिक द्वारा ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान मशीन में अचानक लगी आग से किसानों का लगभग 50 बीघा गेहूं जल गया।साथ ही दो बाइक और ट्रैक्टर भी आग की चपेट में आने से जल गया।  शनिवार को दिन में लगभग 2 बजे के आसपास किसान के गेहूं की कटाई करने के लिए आई कंबाइन मशीन में खराबी को मकैनिक द्वारा ठीक करते समय अचानक लगी आग से कंबाइन मशीन एक ट्रैक्टर दो मोटर साइकिल और किसानों का लगभग 50 बीघा गेहूं जल गया।जिसमें सत्येंद्र सिंह का 15 बीघा, नरेन्द्र सिंह का 15 बीघा,  अखिलेश सिंह का 10 बीघा, शिव शंकर सिंह का 5 बीघा और राम कृपाल सिंह का 5 बीघा गेहूं जलने का किसानों द्वारा अनुमान लगाया जा रहा है। आग की इस घटना की सूचना पर सीओ सदर अरविंद सोनकर तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह रौनाही प्रभारी निरीक्षक लाल चंद सरोज चौकी इंचार्ज सत्तीचौरा सत्यम अग्रवाल मौके पर पहुंचे। फसल में आग लगने की सूचना पर फायर सर्विस की टीम और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व टीम द्वारा किसानों के फसल की हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। इसी तरह बीकापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा बैंती कला के ताल वाले खेतों में शनिवार को तड़के करीब 1 बजे अचानक भीषण आग लग गई, जिससे लगभग 300 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आकर मशीन से कटे हुए गेहूं के ढेर और खेतों में रखा भूसा भी पूरी तरह नष्ट हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां और पीआरबी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। ग्रामीणों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है, जिसके मद्देनजर प्रशासन से मुआवजे की मांग की जा रही है।