सुनील मौर्य के यहां मुंडन व जन्मोत्सव पर सजा सुंदरकांड का दरबार, मुख्य अतिथि नरेंद्र तिवारी ने दी शुभकामनाएं

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। भादरसा (अयोध्या)। नगर पंचायत भादरसा के मोहल्ला मुराई टोला (भादरसा बाजार) स्थित सुनील मौर्य के आवास पर मुंडन संस्कार और नन्हे राघव मौर्य के जन्मदिन के पावन अवसर पर भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन हर्षोल्लास एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान उपस्थित विद्वानों एवं गायकों द्वारा सुंदरकांड की संगीतमय चौपाइयों का पाठ किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया। पाठ समाप्ति के उपरांत हवन-पूजन कर बाल रूप राघव मौर्य के दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा उपस्थित जनसमूह में प्रसाद वितरित किया गया। इस मांगलिक अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र तिवारी शामिल हुए। इसके अलावा विशिष्ट अतिथियों में मोहम्मद अकबर, मतीन खान (मदरसा सदस्य), बजरंगी यादव (ब्लॉक अध्यक्ष, मसौधा) एवं गीता देवी (जिला अध्यक्ष, महिला मोर्चा/बीकेयू) ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों ने बालक राघव मौर्य को आशीर्वाद प्रदान कर उनके सुखद जीवन की कामना की। आयोजन के दौरान परिवार के सदस्यों, स्थानीय गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।