स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर सख्ती, विशेष अभियान जारी
पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग और निरीक्षण में लापरवाही उजागर
रविवार को भी खुला रहेगा कार्यालय, स्कूल प्रबंधन को अंतिम अवसर
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर में स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह ने बताया कि परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 01 से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान उत्तर प्रदेश मोटरयान नियमावली 1998 के अध्याय-9क के तहत विद्यालयी वाहनों के लिए निर्धारित नियमों के कड़ाई से पालन और फिटनेस जांच को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित हो रहा है।
अभियान के तहत “उत्तर प्रदेश इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मॉनिटरिंग पोर्टल” (UPISVMP) के माध्यम से सभी स्कूल वाहनों की निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। अब तक 809 वाहनों के सापेक्ष मात्र 425 वाहनों को ही पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा सका है, जिनमें से 229 का ही निरीक्षण पूरा हो पाया है। यह स्थिति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई है, जिससे प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
स्थिति में सुधार लाने के लिए 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, संतकबीरनगर खुला रहेगा। जिन विद्यालयों ने अभी तक अपने वाहनों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड नहीं कराया है, उनसे अपील की गई है कि वे आवश्यक दस्तावेजों—UDISE कोड, वाहन पंजीयन, परमिट, ट्रांसपोर्ट मैनेजर और ड्राइवर के आधार, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, फोटो एवं चरित्र सत्यापन—के साथ उपस्थित होकर अपने वाहनों का पंजीकरण और निरीक्षण कार्य पूरा कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।