क्षेत्रीय कबड्डी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य समापन
विद्या मंदिर रामबाग में चल रही थी प्रतियोगिता
प्रथम स्थान प्राप्त सभी टीमें अखिल भारतीय स्तर पर पूर्वी उ. प्र. क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग – बस्ती में चल रही विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित 37वीं क्षेत्रीय कबड्डी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। यह प्रतियोगिता 5 सितंबर से 7 सितंबर 2026 तक आयोजित थी। तीन दिवसीय इस आयोजन में क्षेत्र के 40 विद्यालयों के खिलाड़ी छात्र भैया – बहनों ने प्रतिभाग किया।
समापन कार्यक्रम का प्रारम्भ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन एवं दैनिक वन्दना से हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी ने अतिथियों का परिचय कराया। अतिथियों का स्मृति चिह्न एवं अंग वस्त्र से सम्मान किया गया। मंच पर शिशु शिक्षा समिति, गोरक्ष प्रांत के प्रदेश निरीक्षक श्री राम सिंह जी, गोरखपुर संभाग के संभाग निरीक्षक श्री अजय कुमार दुबे जी, क्षेत्रीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख श्री जगदीश सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बस्ती के जिला प्रचारक श्री सर्वेन्द्र जी, विद्यालय प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष श्री प्रहलाद मोदी, सदस्य श्री दिनेश जी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सरस्वती बालिका विद्यालय रामबाग की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियंका सिंह एवं सरस्वती शिशु मंदिर रामबाग के प्रधानाचार्य श्री प्रमोद श्रीवास्तव भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। विद्यालय के छात्र भैया बहनों द्वारा गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
यह जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में गोरक्ष, कानपुर, अवध एवं काशी प्रांत नगरीय एवं ग्रामीण के 40 से अधिक जिलों के विभिन्न विद्यालयों से आए कुल 345 भैया-बहिन खिलाड़ियों ने बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग में प्रतिभाग किया।
सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामबाग बस्ती में कबड्डी एवं बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। कबड्डी में गोरक्ष प्रांत ने कुल 9 पदक प्राप्त कर प्रथम, काशी और अवध प्रांत ने 5 – 5 पदक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कानपुर प्रांत को 2 पदक प्राप्त हुआ।
इसी प्रकार बैडमिंटन में काशी और कानपुर प्रान्त को 5-5, गोरक्ष प्रान्त को 4 और अवध प्रांत को 4 पदक प्राप्त हुए।
सारांश रूप में कुल 13 पदकों के साथ गोरक्ष प्रान्त प्रथम स्थान पर, 10-10 पदकों के साथ काशी और कानपुर द्वितीय स्थान पर रहे। अवध प्रान्त को 6 पदक प्राप्त हुए और यह प्रान्त तृतीय स्थान पऱ रहा।
ज्ञात हो कि सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामबाग बस्ती के बाल वर्ग कबड्डी की बहनों की टीम ने क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय के तरुण वर्ग के बालकों ने भी क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन के बाल और किशोर वर्ग में विद्यालय के छात्रों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सभी खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त सभी टीमें 37वीं अखिल भारतीय खेलकूद प्रतियोगिता में अपने-अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अपने संबोधन में प्रदेश निरीक्षक श्री रामसिंह जी ने राष्ट्रीय शिक्षा के क्षेत्र में विद्या भारती के प्रयास और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रथम स्थान प्राप्त टीमें अपने – अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और अखिल भारतीय स्तर तक पहुंची हैं। सभी प्रतिभागी भगवान श्री राम के जीवन के आदर्श को अपने जीवन में उतारते हुए अखिल भारतीय प्रतियोगिता में विजयी हों और पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का नाम रोशन करें। इसी के साथ उन्होंने कार्यक्रम के समापन की विधिवत घोषणा की। इस अवसर पऱ समापन मंत्र का उद्घोष भी किया गया। क्षेत्रीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख जगदीश सिंह जी ने छात्रों को आगे की सभी सूचनाएं दी और सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पऱ विभिन्न विद्यालयों से आए 345 खिलाड़ी छात्र भैया – बहन व उनके संरक्षक, 39 खेल प्रशिक्षक, 22 निर्णायक, आयोजन समिति के पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार एवं आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। तीन दिवसीय यह खेल महाकुंभ खिलाड़ियों में नई ऊर्जा, उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना का संचार करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।