सांसद राम प्रसाद चौधरी ने गन्ना आयुक्त को पत्र भेजकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की
शेखपुरा के किसानों को मुंडेरवा चीनी मिल से जोड़ने की उठी मांग
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। शेखपुरा गांव के गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर बस्ती लोकसभा क्षेत्र के सांसद राम प्रसाद चौधरी ने गन्ना आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को पत्र भेजा है। सांसद ने किसानों की सुविधा और हित को ध्यान में रखते हुए कुसौरा क्रय केंद्र से जुड़े शेखपुरा क्षेत्र के किसानों को रुधौली चीनी मिल के स्थान पर मुंडेरवा चीनी मिल से संबद्ध करने की मांग की है।
सांसद ने पत्र में कहा है कि ग्राम शेखपुरा, तहसील एवं जनपद बस्ती के किसान पिछले कई वर्षों से कुसौरा क्रय केंद्र के माध्यम से रुधौली चीनी मिल को गन्ने की आपूर्ति करते आ रहे हैं। किसानों के अनुसार वर्तमान व्यवस्था के कारण उन्हें गन्ना आपूर्ति के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में गन्ना मूल्य के भुगतान में देरी, तौल व्यवस्था में अनियमितता और पारदर्शिता की कमी जैसी समस्याओं का उल्लेख किया गया है। किसानों ने बिचौलियों की भूमिका तथा कथित अनियमितताओं के कारण होने वाली दिक्कतों की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया है।
सांसद राम प्रसाद चौधरी ने कहा कि किसानों की सुविधा और उनके व्यापक हित को प्राथमिकता देते हुए इन समस्याओं का स्थायी समाधान आवश्यक है। उन्होंने गन्ना आयुक्त से कुसौरा क्रय केंद्र से संबद्ध शेखपुरा क्षेत्र के किसानों को रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुंडेरवा चीनी मिल से जोड़ने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
सांसद की इस पहल के बाद क्षेत्र के गन्ना किसानों में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है।